विनोद जैन 
बालोद। बालोद रेलवे स्टेशन के लिए स्थानीय इंदिरा चौक से जाने वाली सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 02 अंतर्गत आने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण राहगीरों और दो एवं चार पहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए यह मार्ग काफी नजदीक है जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क पर बने गड्ढों के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। वहीं सड़क के किनारे स्थित पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की आवश्यकता महसूस की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया और क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा?
जनहित को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन से स्थानीय नागरिक प्रेम साहू सुरेन्द्र साहू अनमोल ठाकुर अनिल साहू रमेश यदु आदि लोगो ने मांग की है कि वार्ड क्रमांक 02 स्थित रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर सड़क के गड्ढों को भरवाया जाए तथा क्षतिग्रस्त पुलिया की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। साथ ही मार्ग की स्थिति का स्थायी समाधान करते हुए आवश्यकतानुसार सड़क का समुचित संधारण कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
