*खबर का असर* *बालोद रेलवे स्टेशन की समस्याओं का हुआ निदान, तांदुला मॉडल झरना हुआ चालू, प्रसाधन के ताले भी खुले*

विनोद जैन

बालोद। बालोद के अमृत भारत रेलवे स्टेशन की अव्यवस्थाओं और यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर सामने आई खबर का असर अब देखने को मिला है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा से जुड़ी समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक सुधार कार्य किए हैं।
स्टेशन परिसर में लोकार्पण के बाद से बंद पड़ा तांदुला मॉडल झरना अब चालू कर दिया गया है, जिससे स्टेशन की सुंदरता में भी निखार आया है। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए प्रसाधन गृहों के ताले भी खोल दिए गए हैं, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिली है।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने समस्याओं के समाधान पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि रेलवे स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य यात्री सुविधाओं का भी नियमित रूप से बेहतर रखरखाव किया जाएगा।
खबर के माध्यम से उठाई गई जनसमस्या का त्वरित समाधान होना निश्चित रूप से सकारात्मक पहल है। इससे यह संदेश भी जाता है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने से संबंधित विभागों का ध्यान समस्याओं के समाधान की ओर आकर्षित किया जा सकता है।