विनोद जैन
बालोद। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत जवाहर मार्केट से गंजपारा जाने वाले महत्वपूर्ण सीमेंट-कांक्रीट मार्ग की हालत इन दिनों बदहाल होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर पालिका के पास वार्षिक मरम्मत एवं संधारण निधि होने के बावजूद इस मार्ग की समय रहते मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? सड़क की स्थिति लगातार खराब होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इसे नजरअंदाज किया जाना पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
जवाहर मार्केट और गंजपारा को जोड़ने वाला यह मार्ग शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस सड़क से आवागमन करते हैं। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
नागरिकों का कहना है कि जब सड़क मरम्मत एवं संधारण के लिए नगर पालिका के पास अलग से निधि उपलब्ध है, तो फिर सड़क की हालत इतनी खराब होने तक इंतजार क्यों किया जा रहा है? क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?
नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जवाहर मार्केट–गंजपारा मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराई जाए तथा वार्षिक मरम्मत एवं संधारण निधि से किए जाने वाले कार्यों की जानकारी सार्वजनिक की जाए।
अब देखना होगा कि पालिका प्रशासन इस बदहाल सड़क को लेकर कब जागता है और कब तक नागरिकों को गड्ढों से राहत मिलती है।
