*नगर पालिका बालोद में गर्माया मुद्दा: पीआईसी बैठक में बिना प्रस्ताव भुगतान और नियमों को ताक पर रखकर समिति गठन पर PIC सदस्य गोकुल ठाकुर ने दागे सवाल*

विनोद जैन

बालोद – नगर पालिका परिषद बालोद में वित्तीय प्रक्रियाओं, निविदा नियमों और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर घमासान छिड़ गया है।

क्रय समिति की हालिया बैठकों को लेकर पीआईसी सदस्य एवं खाद्य विभाग के सभापति गोकुल ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

मामला महीनों पहले बिना स्वीकृति बांटे गए लाखों रुपये के भुगतान और नियमों के विपरीत जाकर बनाई गई समितियों से जुड़ा है।

आरोप है कि सदस्यों को केवल विषय सूची थमा दी गई, जबकि निर्णय लेने के लिए आवश्यक विस्तृत कार्य-सूची नोट, प्राकलन, तकनीकी व प्रशासकीय स्वीकृति और भुगतान से जुड़े बिल संलग्न नहीं किए गए।

गोकुल ठाकुर के द्वारा सवाल उठाते हुए मांग की गई कि जब तक सभी मूल नस्तियां और बिल जांच के लिए उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक ऐसे विषय बैठकों में ना लाया जाए।