चंद्रहास वैष्णव 
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला बस्तर की उपसमिति ब्लड बैंक की मातृशक्ति द्वारा आगामी 21 जुलाई 2026 को महारानी अस्पताल, जगदलपुर में आयोजित होने वाले मातृशक्ति रक्तदान एवं जन-जागरूकता अभियान के सफल आयोजन के संबंध में आज सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक, महारानी अस्पताल को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से अस्पताल प्रशासन से कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। अभियान का उद्देश्य माताओं एवं बहनों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर करना तथा अधिक से अधिक लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर बताया गया कि मातृशक्ति स्वयं भी रक्तदान कर समाज के समक्ष प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करेगी, जिससे रक्तदान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। रेड क्रॉस उपसमिति ने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल प्रशासन के सहयोग से यह अभियान सफल होगा तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सार्थक योगदान देगा।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला बस्तर की उपसमिति ब्लड बैंक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सहभागी बनें तथा स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा के इस महान कार्य में अपना योगदान दें।
ज्ञापन सौंपने ब्लड बैंक उपसमिति मातृशक्ति रक्त दान शिविर के कार्यक्रम की प्रभारी मोनू सिंह, जिले की संयोजिका मेहक, जगदलपुर ब्लॉक की उपाध्यक्ष्य नीलम कुशवाह मौजूद थे
