*मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सेंधवा विकासखंड में किया सघन निरीक्षण*

बड़वानी ,दिलीप शर्मा

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने हेतु प्रदेश व्यापी अभियान 7 अगस्त से संचालित किया जा रहा है जिसके तहत इस अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन बड़वानी जिले में भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने सेंधवा विकासखंड का विस्तृत दौराकर विभिन्न शासकीय संस्थानों, आश्रमों, विद्यालयों तथा आयोजित जनविश्वास व जनसमस्या निवारण शिविरों का निरीक्षण किया।
*स्वास्थ्य केंद्र और आश्रम व्यवस्थाओं का निरीक्षण*
कलेक्टर ने उपस्वास्थ्य केंद्र शाहपुरा के निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन और संभावित प्रसव तिथि की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद सीएचओ और एएनएम से मातृ मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर, टीबी स्क्रीनिंग तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति की जानकारी ली।

*शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा और विद्यार्थियों संग भोजन*
शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय चिलारिया के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शैक्षणिक गतिविधियों व पाठ्यक्रम की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने आत्मीयता दिखाते हुए विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन भी ग्रहण किया। इसके पश्चात, उन्होंने शासकीय राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह बालक आश्रम, चिलारिया का जायजा लिया, जहाँ मीनू के अनुसार भोजन वितरण और मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन कर संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*लापरवाही पर बतरने पर प्रधान पाठक एवं अधीक्षक को निलंबित करने के दिये निर्देश*
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने कोलकी स्कूल के निरीक्षण के दौरान स्कूल में पाई गई कमियों को लेकर ग्राम कोलकी स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय कोलकी के प्रधानपाठक एवं आश्रम के अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिये।

*जनविश्वास शिविरों में ग्रामीणों से सीधा संवाद* अभियान के तहत शाहपुरा, चिलारिया और कोलकी में आयोजित जनविश्वास एवं जनसमस्या निवारण शिविरों में कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। शिविरों में मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, लाडली बहना योजना तथा खाद उपलब्धता से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया।