साइबर अपराध व महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की मुहिम: 11 संस्थानों में 2,100 से अधिक छात्र-छात्राएं व ग्रामीण हुए जागरूक

चंद्रहास वैष्णव

 

पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार संचालित ‘साइबर सुरक्षा अभियान वर्ष 2026-27’ के तहत महिला थाना जगदलपुर द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के निर्देशन में यह विशेष अभियान 19 अगस्त से 31 अगस्त तक आयोजित किया गया।
इस पखवाड़े भर चले अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों को तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत करने के साथ-साथ महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति सशक्त बनाना रहा।

महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना केरकेट्टा के नेतृत्व में पुलिस व रक्षा टीम ने जगदलपुर और आसपास के कुल 11 प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों व ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सीधे संवाद स्थापित किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2,100 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को जरूरी कानूनी व सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

# इन प्रमुख विषयों पर दी गई समझाइश
गुड टच – बैड टच एवं बाल सुरक्षा: बच्चों को किसी भी अनुचित स्पर्श के प्रति सजग रहने और तुरंत परिजनों या पुलिस को सूचित करने की सीख।

छेड़छाड़ व अपराधों से बचाव: विपरीत परिस्थितियों में बिना किसी डर के पुलिस व हेल्पलाइन की मदद लेने का आह्वान।

नशा मुक्ति एवं नवीन कानून: युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और नए कानूनों के प्रावधानों से अवगत कराया गया।

डिजिटल एवं साइबर सुरक्षा: अनजान लिंक, फर्जी कॉल्स, सोशल मीडिया पर गोपनीयता और लॉटरी/बैंक फ्रॉड से बचने के उपाय।

#प्रमुख संस्थाएं जहां आयोजित हुए कार्यक्रम
अभियान के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल केवरामुड़ा, रविन्द्र नाथ टैगोर स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल हाटगुड़ा, स्वामी आत्मानंद विद्यालय जगदलपुर, शासकीय उ.मा.वि. बोरपदर, निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल, सेजेस बकावंड, जनरल नर्सिंग मिडवाइफरी प्रशिक्षण केंद्र, सेजेस उत्कृष्ट हिंदी माध्यम पुसपाल, शासकीय उ.मा. विद्यालय नियानार एवं ग्राम धनियालूर स्थित सामुदायिक भवन में विशेष सत्र आयोजित किए गए।

#
“किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी (OTP, PIN, पासवर्ड) साझा न करें। सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सतर्कता से करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या महिला उत्पीड़न की घटना पर बिना संकोच तुरंत पुलिस को सूचना दें। सजग रहें, सुरक्षित रहें।”
— जगदलपुर पुलिस की आमजन से सीधी अपील

#अभियान में रही इनकी सक्रिय भूमिका
महिला थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना केरकेट्टा के नेतृत्व में रक्षा टीम एवं महिला थाना स्टाफ — महिला प्रधान आरक्षक देवकी कश्यप, सावित्री नेताम, महिमा तथा आरक्षक मालती यादव, सावित्री कंवर, अनिता कश्यप, भगवती भत्रा, डेविड किस्पोट्टा एवं सीताराम ध्रुव ने सक्रिय योगदान देकर अभियान को सफल बनाया।