चंद्रहास वैष्णव 
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के संगठन सृजन अभियान, राहुल गांधी के प्रस्तावित बस्तर दौरे, झीरम घाटी कांड की एनआईए जांच और बढ़ती महंगाई को लेकर राज्य व केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत कर रही है, वहीं भाजपा की जनविरोधी नीतियां आम जनता की कमर तोड़ रही हैं।
#’संगठन सृजन’ और ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण#
कांग्रेस के ‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत जिला अध्यक्षों के बाद अब ब्लॉक अध्यक्षों के लिए 3 दिवसीय संभागवार प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत बस्तर से हुई है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि वे इस शिविर में “राजनीति में धर्म और धर्मनिरपेक्षता” विषय पर व्याख्यान देंगे। इस प्रशिक्षण से जमीनी स्तर पर संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
#राहुल गांधी का बस्तर दौरा#
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निमंत्रण को राहुल गांधी ने स्वीकार कर लिया है और वे जल्द ही बस्तर प्रवास पर आएंगे। बघेल ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी पूरे देश में छात्रों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं, लेकिन बस्तर दौरे के दौरान उनका मुख्य फोकस बस्तर की स्थानीय समस्याओं, जनहित के मुद्दों और क्षेत्रीय परिस्थितियों पर रहेगा।
#झीरम घाटी कांड: NIA की जांच पर उठाए गंभीर सवाल#
झीरम घाटी मामले पर बोलते हुए बघेल ने एनआईए (NIA) की जांच को पूरी तरह सतही और अधूरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि:
-दरभा थाने में दर्ज मूल एफआईआर और धाराओं के तहत नामजद लोगों से ठीक से पूछताछ नहीं हुई।
-घटना के चश्मदीदों के बयान दर्ज नहीं किए गए।
-यह एक विशुद्ध आपराधिक-राजनीतिक षड्यंत्र था, लेकिन षड्यंत्र के पहलू की जांच ही नहीं की गई।
अदालत के निर्देश के बावजूद आंध्र प्रदेश में सरेंडर कर चुके नक्सली नेता गुड़सा उसेंडी से बयान नहीं लिया गया।
#बेतहाशा महंगाई और बिजली के झटके#
पूर्व मुख्यमंत्री ने कमरतोड़ महंगाई पर सरकार को घेरते हुए कहा कि घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल और खाद्य तेलों के दाम बेतहाशा बढ़ चुके हैं। पेट्रोल में 20% मिश्रण के बावजूद राहत नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब तो चीनी भी कड़वी हो गई है।” साथ ही बार-बार बिजली की दरें बढ़ाकर जनता को करंट दिया जा रहा है।
#भाजपा-आरएसएस पर तीखा हमला#
राजनीतिक बयानों पर पलटवार करते हुए बघेल ने कहा कि समाज में नफरत फैलाना, जाति को जाति से, धर्म को धर्म से और भाई को भाई से लड़ाना भाजपा और आरएसएस का पुराना एजेंडा रहा है। जनता अब इस विभाजनकारी राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जनता के बुनियादी अधिकारों, महंगाई और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाती रहेगी और आगामी दिनों में पार्टी का संगठन हर स्तर पर और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच पहुंचेगा।
