बस्तर के मरीजों के लिए बड़ी सौगात, जगदलपुर में शुरू होगी यशोदा हॉस्पिटल्स की विशेषज्ञ ओपीडी

चंद्रहास वैष्णव

देश के प्रतिष्ठित मल्टी-स्पेशियलिटी हेल्थकेयर संस्थानों में शामिल यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद ने बस्तर संभाग के मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसी उद्देश्य से शनिवार को जगदलपुर के एक स्थानीय होटल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता में यशोदा हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरोलॉजी एवं ऑर्थोपेडिक्स के क्षेत्र में उपलब्ध आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी साझा की। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन ने घोषणा की कि जगदलपुर में जल्द ही यशोदा हॉस्पिटल्स का ओपीडी सेंटर शुरू किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर निर्धारित अंतराल पर आकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श देंगे। प्रारंभिक चरण में यह ओपीडी महीने में एक बार संचालित होगी।

प्रबंधन ने यह भी बताया कि यशोदा ग्रुप रायपुर में भी अपना सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रहा है, जिसके लिए प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

प्रेस वार्ता में डॉ. वेंकटेश श्रीपति (सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट एवं हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी सर्जन) ने बताया कि पेट, लीवर, अग्नाशय एवं आंतों से जुड़ी कई जटिल बीमारियों का उपचार अब मिनिमली इनवेसिव और लैप्रोस्कोपिक तकनीकों से सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिससे मरीजों को कम दर्द, शीघ्र रिकवरी और बेहतर परिणाम मिलते हैं।

डॉ. एल. वरुण आनंद (न्यूरोलॉजिस्ट) ने स्ट्रोक, मिर्गी, लगातार सिरदर्द और मूवमेंट डिसऑर्डर जैसी तंत्रिका संबंधी बीमारियों में समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं डॉ. किलारु प्रफुल (ऑर्थोपेडिक एवं रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन) ने दुर्घटना में लगी गंभीर चोटों, घुटने और कूल्हे के प्रत्यारोपण सहित जटिल अस्थि रोगों के उपचार में रोबोटिक तकनीक की उपयोगिता और सफलता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन यशोदा हॉस्पिटल्स के एजीएम शेख नसीरुद्दीन एवं असिस्टेंट मैनेजर रविशंकर यादव ने किया। उन्होंने बताया कि यशोदा ग्रुप पिछले तीन दशकों से उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। हैदराबाद के सोमाजीगुड़ा, सिकंदराबाद, मलकपेट और हाईटेक सिटी स्थित इसके चार अत्याधुनिक अस्पतालों में लगभग 4,000 बेड उपलब्ध हैं, जहां आधुनिक तकनीक और अनुभवी विशेषज्ञों के माध्यम से विभिन्न सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाती हैं।

उन्होंने कहा कि जगदलपुर में शुरू होने वाले ओपीडी सेंटर के माध्यम से बस्तर संभाग के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को हैदराबाद स्थित यशोदा हॉस्पिटल्स में उन्नत उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।