यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का आज शनिवार को शाम 5 बजे जिला मुख्यालय स्थित आहूजा पैलेस हॉल में समापन हुआ। भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल संवाद, सोशल मीडिया प्रबंधन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की जानकारी दी गई।
समापन सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और जनसंपर्क को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने सेवा, समर्पण और सक्रिय भागीदारी के माध्यम से पार्टी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
