यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कोंडागांव जिला अंतर्गत थाना उरंदाबेड़ा क्षेत्र के अंतिम ग्राम पंचायत भोंगापाल में शनिवार को पुलिस विभाग द्वारा सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया। आज रविवार सुबह 11 बजे प्राप्त विज्ञप्ति अनुसार कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कोंडागांव के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसमें अनुविभागीय अधिकारी पुलिस फरसगांव, थाना प्रभारी उरंदाबेड़ा, थाना प्रभारी बड़े डोंगर सहित ग्राम सरपंच, पटेल, गायता, पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सहयोग चौपाल के उद्देश्य बताते हुए पुलिस और आम जनता के बीच संवाद बढ़ाने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान की जानकारी दी। इस दौरान साइबर अपराध, बाल अपराध, यातायात नियमों और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी बड़े डोंगर ने हल्बी भाषा में भी जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
