यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज जिला कोंडागांव द्वारा माकड़ी में सार्वजनिक श्मशान घाट (मरघट) पर अतिक्रमण की शिकायत सही साबित हुई है। राजस्व विभाग द्वारा शनिवार को कराए गए सीमांकन में मरघट की भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने की पुष्टि हुई। आज रविवार सुबह 11 बजे प्राप्त जानकारी अनुसार समाज के जिला अध्यक्ष पनकूराम नेताम सहित अन्य पदाधिकारियों ने 25 मई को एसडीएम कोंडागांव को ज्ञापन सौंपकर माकड़ी स्थित मां संतोषी फ्यूल्स पेट्रोल पंप के पीछे स्थित पारंपरिक मरघट को कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। शिकायत में भूमि पर मिट्टी पटवाकर ईंट निर्माण मशीन स्थापित किए जाने का आरोप लगाया गया था। प्रशासन के निर्देश पर तहसीलदार माकड़ी ने राजस्व अमले और पुलिस बल की मौजूदगी में सीमांकन कराया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति को 10 दिनों के भीतर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
