यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
रायपुर, 31 मई 2026: भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय सब जूनियर बेसबॉल क्रीडा प्रतियोगिता (दिनांक 24.05.2026 से 29.05.2026) में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खम्हारडीह (जिला-रायपुर) के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभावान छात्र आशीष जांगड़े ने छत्तीसगढ़ की बालक वर्ग की टीम में शामिल होकर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत बालक वर्ग ने देश में प्रथम स्थान (गोल्ड मेडल) प्राप्त किया। इसी प्रकार, विद्यालय की होनहार छात्रा हर्षिता ने छत्तीसगढ़ की बालिका वर्ग की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार खेल दिखाया और बालिका वर्ग ने देश में द्वितीय स्थान (सिल्वर मेडल) हासिल कर राज्य व शाला का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व और शानदार जीत पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खम्हारडीह के प्राचार्य श्री दीपक दुबे एवं समस्त स्कूल स्टाफ ने अत्यधिक हर्ष व्यक्त करते हुए संयुक्त बधाई संदेश जारी किया है।
बधाई संदेश:
“शानदार जीत! खेल प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने पर स्कूल के सभी विजेता खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई। आपकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने हम सबको और पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। कठिन परिश्रम और खेल भावना की बदौलत आपने यह मुकाम पाया है। आप दोनों ऐसे ही निरंतर आगे बढ़ते रहें और सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करें! भविष्य के लिए उज्जवल शुभकामनाएँ।”
⚾🏅🥈⚾💐🙏
खिलाड़ियों की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे रायपुर जिले और छत्तीसगढ़ खेल जगत में हर्ष का माहौल है। शाला परिवार इन विजेता खिलाड़ियों के रायपुर आगमन पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन भी करने जा रहा है।
