भरत भारद्वाज
फरसगांवए – एनएच-30 पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। केशकाल थाना क्षेत्र के गुलबापारा के पास गुरुवार की रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान शंकरलाल नाग की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। ग्राम जवान का उनके गृह ग्राम फरसगांव में शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक शंकरलाल नाग उरांदाबेड़ा थाने में आरक्षक के रूप में पदस्थ थे। वे अपने बड़े भाई के साथ कोहकामेटा में आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-30 पर सामने से आ रही लकड़ी से भरी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शंकरलाल नाग की मौके पर ही मौत हो गई ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत केशकाल पुलिस को दी। पुलिस दल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जगदलपुर से रायपुर की ओर लकड़ी के गोले लेकर जा रहा था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि ट्रक की रफ्तार अत्यधिक थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया था, जिससे यह हादसा हुआ।
–
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एनएच-30 पर नियमित गश्त और गति नियंत्रण की सख्त व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
केशकाल पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
मृतक जवान के अंतिम संस्कार में उमड़ा जन सैलाब
मृतक सीएएफ के जवान शंकरलाल नाग के पार्थिव शरीर को एक झलक देखने शुक्रवार को उनके गृह ग्राम फरसगांव में स्थानीय ग्रामीणों,परिजनों और दोस्तों की भारी भिड़ उमड़ी हुई थी। पार्थिव शरीर घर पर पहुंचने का सभी को इंतजार है। जैसे ही करीब 12 बजे उसके पार्थिव शरीर को फरसगांव लाया गया । उसे पार्थिव शरीर को देखने भीड़ लग गई। सभी के आंखे भर आई।परिजनों को रो रो कर बुरा हाल हो गया। उनके सीएएफ कंपनी से आए हुए अधिकारियों ने मृतक के पार्थिव शरीर पर तिरंगा उड़ाकर सम्मान पूर्वक सलामी दी गई। और उसी तिरंगे को मृतक जवान के परिजनों को सम्मानपूर्वक सौंपा गया। मृतक जवान के शव यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मृतक के परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार किया गया। मृतक जवान की वर्ष 2009 में जगदलपुर में आयोजित पांचवी बटालियन की भर्ती में चयन के बाद जॉइनिंग हुई थी।
