चंद्रहास वैष्णव 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वह राज्य सरकार द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक महोत्सव ‘बस्तर पंडुम 2026’ का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।
राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल लालबाग मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन और अतिथियों के बैठने की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला जनसंपर्क अधिकारी से रविवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लालबाग मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगी। उद्घाटन कार्यक्रम से पहले वह महोत्सव परिसर में लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगी। इन प्रदर्शनियों में बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प, लोककला, वेशभूषा, आभूषण, शिल्प उत्पाद और स्थानीय कारीगरों के कार्य प्रदर्शित किए गए हैं। राष्ट्रपति इस दौरान कलाकारों और शिल्पकारों से संवाद भी करेंगी।
मुख्य समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ होगा। इसके पश्चात संस्कृति मंत्री द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ‘बस्तर पंडुम’ की अवधारणा और बस्तर की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। समारोह को राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम स्थल में महामहिम राष्ट्रपति के साथ बड़ी संख्या में मंत्री और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे,जिसे देखते हुए 84×40 का विशाल स्टेज का निर्माण किया जा रहा है।स्टेज के पीछे एक और सभा के लिए 3 बड़े बड़े डोम का भी निर्माण किया जा रहा है।प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 10 से 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में बस्तर की विविध जनजातियों द्वारा पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को दर्शाएंगी। महोत्सव के समापन सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी।
मुख्य कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति जगदलपुर से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगी, जहां से वह विशेष विमान द्वारा नई दिल्ली रवाना होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

Leave a Reply