*स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष उठाई गई मांग पर शीघ्र कार्रवाई, चिकित्सकों की नियुक्ति से क्षेत्र में हर्ष का माहौल*

विनोद जैन

डौंडीलोहारा। क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयास अब परिणाम देने लगे हैं। डौंडीलोहारा विकासखंड के स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए उनके द्वारा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के समक्ष प्रमुखता से रखी गई मांग पर शीघ्र कार्रवाई हुई है। इसके परिणामस्वरूप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संजारी में कुल 9 चिकित्सकों की नियुक्ति हुई है। इन नियुक्तियों से क्षेत्र में हर्ष और संतोष का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा में डॉ. टीकम साहू, डॉ. आकांक्षा अजगल्ले, डॉ. दीक्षा धुरंधर, डॉ. अनिमेश चंद्राकर, डॉ. सौरव जागीर, डॉ. आयुष मरढ़िया, डॉ. शशांक तेलासी एवं डॉ. तुषार साहू (NHM) की नियुक्ति हुई है। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संजारी में डॉ. प्रांजली ध्रुवे की नियुक्ति की गई है।

उल्लेखनीय है कि मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने पूर्व में डौंडीलोहारा विकासखंड के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवाज उठाई थी। उन्होंने इस विषय को लेकर छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और ग्रामीण जनता को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया था। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), बालोद को भी मांगपत्र सौंपकर रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की थी।

चिकित्सकों की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता थी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र ही आम नागरिकों के लिए उपचार का प्रमुख आधार होते हैं। चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को कई बार उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों में जाना पड़ता था। अब इन नियुक्तियों से स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और आम जनता को काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाना और उनका समाधान होने तक निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव समर्पित भाव से कार्य करती रहेंगी। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी उनकी सक्रियता निरंतर बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कुसुम शर्मा ने चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सकारात्मक सहयोग और त्वरित पहल से क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण मांग पूरी हुई है। उन्होंने नवनियुक्त चिकित्सकों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि वे पूरी निष्ठा एवं सेवाभाव से ग्रामीण जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे।

लगातार प्रयास, जनहित के प्रति प्रतिबद्धता और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पण का यह परिणाम डौंडीलोहारा विकासखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। चिकित्सकों की नियुक्ति से ग्रामीणों में खुशी है और अब उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।