सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर Sardar@150 यूनिटी मार्च का आगाज — सांसद महेश कश्यप ने दी जानकारी चार जिलों में निकलेगी एकता यात्रा, युवाओं को जोड़ेगा जन-जागरण अभियान

चंद्रहास वैष्णव

भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बस्तर संसदीय क्षेत्र में “Sardar@150 यूनिटी मार्च” अभियान की शुरुआत की जा रही है। सांसद महेश कश्यप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस ऐतिहासिक अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार करने वाला राष्ट्र चेतना अभियान है।

सांसद कश्यप ने बताया कि यह पदयात्रा 6 नवंबर से 20 नवंबर 2025 तक चार जिलों — दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और बस्तर में निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान योग एवं स्वास्थ्य शिविर, वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ, व्याख्यान और नशा-मुक्त भारत के संकल्प जैसे जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यात्रा का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:

दंतेवाड़ा: 6-7 नवंबर — जावंगा से शुरू होकर गीदम, कारली, चितालंका होते हुए दंतेवाड़ा में समापन।

सुकमा: 8-9 नवंबर — रामाराम से मंदिर, बोरगुड़ा, गोंगला होते हुए सुकमा में समापन।

बीजापुर: 18 नवंबर — नैमेड़ से दुगोली, मुसालूर, रैंगानार, धनौरा चौक होते हुए कोतापाल में समापन।

बस्तर: 19-20 नवंबर — कोरटा से शुरू होकर नलपावंड, पीठापुर, बजावंड, पाईकपाल, उतलनार और करीतंगांव होते हुए जगदलपुर के रूड़ प्रताप देव टाउन क्लब परिसर में समापन।

सांसद कश्यप ने कहा कि यह अभियान युवाओं के बीच सरदार पटेल के विचारों को पहुँचाने का एक व्यापक प्रयास है। MY Bharat पोर्टल, NSS और NCC कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी से युवा इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी अपने बैनर के साथ 8–10 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे।

उन्होंने कहा, “यह केवल आयोजन नहीं, बल्कि जन-जागरण का महायज्ञ होगा। जैसे सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़ा था, वैसे ही यह यात्रा लोगों के दिलों को जोड़ेगी।”

सांसद ने आगे बताया कि 26 नवंबर, संविधान दिवस के दिन अभियान का अंतिम चरण शुरू होगा, जिसमें बस्तर क्षेत्र से चयनित 2 से 5 पदयात्री देशभर के प्रतिभागियों के साथ सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ (केवड़िया) तक 152 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम होगी। सांसद ने मीडिया से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक अभियान को व्यापक रूप से प्रचारित करें ताकि सरदार पटेल के एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।

Express MPCG