दमोह/हटा
सचिन सिंह राजपूत
*दमोह/हटा-* हटा-रनेह मार्ग पर बड़ी ककराई के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की दो सगी बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा के पलट जाने से पांच छात्राएं बुरी तरह घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल हटा अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल दो सगी बहनों को दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां एक बहन ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बड़ी ककराई के पास तब हुआ जब छात्राओं से भरा एक ऑटो रिक्शा राहगीर को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार पाँच छात्राएँ घायल हो गईं।
*एक बहन की मौत, दूसरी गंभीर*
घायलों को पहले हटा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से खेजरा गाँव की दो सगी बहनों, नंदनी लोधी (उम्र 14 वर्ष) और सुहानी लोधी (उम्र 17 वर्ष), पिता पूरन लोधी को गंभीर हालत में दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दमोह जिला अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने नंदनी लोधी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी बड़ी बहन सुहानी लोधी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज जारी है।
जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डॉक्टर प्रहलाद पटेल, डॉ. मनीष संगतानी और डॉ. कोशिकी सिंह की टीम द्वारा घायल सुहानी लोधी का इलाज किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से खेजरा गाँव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में जाँच शुरू कर दी है।
