चंद्रहास वैष्णव
जगदलपुर।
प्राकृतिक सुंदरता, परंपरा और वनवासी संस्कृति के लिए प्रसिद्ध बस्तर अब खेल जगत में भी अपनी पहचान बना रहा है। हाल ही में दुर्ग में आयोजित शालेय राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में बस्तर के दो बाल खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए स्थान सुरक्षित किया है।
स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 9वीं के छात्र आदित्य विश्वकर्मा (15 वर्ष) का चयन अंडर-17 वर्ग में हुआ है। उन्होंने लगातार तीन मुकाबले जीतकर फाइनल तक पहुंचते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 6वीं के छात्र वंशदीप सिंह (12 वर्ष) ने अंडर-12 वर्ग में तीन जीत और एक हार के बावजूद शानदार प्रदर्शन कर नेशनल में जगह बनाई।
कोच कुणाल चालीसगाँवकर ने बताया कि संभाग से चयनित सभी खिलाड़ियों का 100 प्रतिशत परिणाम आया है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष आदित्य मात्र एक अंक से राष्ट्रीय चयन से चूक गए थे, लेकिन निरंतर मेहनत से इस बार सफलता पाई। वहीं वंशदीप ने कुछ ही महीनों के प्रशिक्षण में कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर बस्तर को गौरवान्वित किया है।
जगदलपुर टेनिस एसोसिएशन ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि कुछ वर्ष पूर्व शुरू किए गए प्रयासों का परिणाम अब सामने आने लगा है। वर्तमान में अंचल के करीब 45 बालक-बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। आने वाले समय में निश्चित ही छत्तीसगढ़ और बस्तर का नाम लॉन टेनिस जगत में और अधिक रोशन होगा।
