*जिला स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार 2025: बालोद में हुआ शानदार आयोजन*

विनोद जैन

बालोद । गत दिनों शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद में जिला स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार का भव्य आयोजन राजेंद्र वर्मा, नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस सेमिनार का विषय “क्वांटम युग का आगाज: संभावनाएं और चुनौतियां” था, जिसे राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), छत्तीसगढ़, रायपुर द्वारा प्रायोजित किया गया था।
इस प्रतियोगिता में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच और प्रस्तुति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चेष्टा डोंगरे, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डौंडीलोहारा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। चेष्टा के मार्गदर्शक शिक्षक कपिल पटेल रहे। वहीं, रोशनी, शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिनके प्रभारी शिक्षक राजेंद्र वर्मा थे। दोनों विजेता अब जोन स्तर पर अपनी प्रस्तुति देकर जिले का गौरव बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका में रुपेश कश्यप (व्याख्याता, भौतिकी), लोचन प्रसाद देशमुख (व्याख्याता, गणित), और श्री सूर्यकांत सिन्हा (आईटी विशेषज्ञ) ने निष्पक्ष मूल्यांकन के साथ प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में शाला परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिसमे अशरफ तिगाला, डी.एन. तिवारी, श्रीमती शैल देशमुख, श्रीमती वर्षा यादव सहित सभी शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शाला प्राचार्य बीआर साहू ने विजेताओं को बधाई देते हुए जोन स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह सेमिनार न केवल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ाने का एक मंच साबित हुआ, बल्कि क्वांटम प्रौद्योगिकी जैसे आधुनिक और जटिल विषय पर विचार-मंथन का अवसर भी प्रदान किया। जिला बालोद के लिए यह गर्व का क्षण है कि इसके प्रतिभावान छात्र-छात्राएं जोन स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगी।

Express MPCG