*जन सहयोग तथा एन एस एस द्वारा मंदिरों में स्वच्छता अभियान*,,,,

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर । शहर की समाज सेवी संस्था “जन सहयोग” तथा “राष्ट्रीय सेवा योजना” के समाज सेवकों ने आज प्रातः काल नवरात्रि उत्सव पर ध्यान देते हुए पुरानी कचहरी के निकट स्थित संतोषी माता एवं गायत्री माता के मंदिर तथा आसपास जमकर साफ सफ़ाई कर दी तथा पूर्ण स्वच्छ होने के पश्चात ब्लीचिंग पाउडर तथा चूना छिड़ककर बरसाती दुर्गंध भी दूर कर दी। मंदिर की दीवारों तथा फर्श में जमी काई के कारण लोगों का चलना मुश्क़िल हो गया था । इसे भी प्रयास पूर्वक साफ किया गया। मंदिर सफ़ाई का सुझाव शहर की ज्योतिष- शिरोमणि श्रीमती गीता शर्मा द्वारा दिया गया था। वे स्वयं भी मातृवत् उपस्थित होकर सहयोग दे रही थीं। स्वच्छता अभियान की समाप्ति पर गीता जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह मंदिर 42 वर्षों से स्थापित है और यहां नवरात्रि भी मनाई जाती है। आप लोग जैसे आज साफ सफ़ाई करने आए हैं, वैसे ही मंदिर में आते रहिएगा। गीता जी ने अत्यंत प्रसन्नता पूर्वक सबको धन्यवाद एवं आशीर्वाद प्रदान किया। जन सहयोग अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने अपने वक्तव्य में कहा कि हम लोगों का काम ही समाज सेवा है, आप जब चाहे, स्वच्छता अभियान हेतु हमें आदेश दीजिए, हम लोग पूरी मेहनत से कार्य करते हुए मंदिर परिसर को पवित्र बनाए रखेंगे। आज के इस समाज सेवा कार्य में अजय पप्पू मोटवानी के अलावा देश की प्रसिद्ध ज्योतिष विदुषी श्रीमती गीता शर्मा, प्राचार्य भुवनेश्वर सिंह साहू, करण नेताम , प्रेम फब्याणी तथा अमृत जवरानी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना शासकीय बीपी देव महाविद्यालय काँकेर के कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर आशीष नेताम, डॉक्टर अल्का केरकेट्टा तथा उनकी टीम के उत्साही सदस्य रत्नप्रिया सेन, मीनाक्षी साहू, खुशी साहू, सोमवारू पोडियाम, लीना सिन्हा,भूमिका सिन्हा, आदि नौजवानों ने अत्यंत परिश्रम एवं उत्साह का प्रदर्शन किया, जिसकी सराहना नवरात्रि पर्व के श्रद्धालुओं द्वारा मुक्त कंठ से की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने गायत्री माता ,संतोषी माता, शीतला माता तथा भारत माता के जयकारे भी लगाए।

Express MPCG