यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
*कोंडागांव, छत्तीसगढ़, 15 सितंबर, 2025:* देश के माननीय केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गांधीनगर, गुजरात में ‘पांचवें राष्ट्रीय राजभाषा सम्मेलन’ का आगाज करते हुए *‘हिंदी दिवस’* का शुभारंभ किया और केंद्रीय सरकार के सभी कार्यालयों में 14 से 29 सितंबर, 2025 तक ‘हिंदी पखवाड़ा’ आयोजित करने का आह्वान किया, जिसके अनुसरण में सामरिक क्षेत्रीय मुख्यालय (भुवनेश्वर), आईटीबीपी, कोंडागांव में ‘हिंदी पखवाड़े’ का विधिवत शुभारंभ श्री ए.एन. दत्ता, सेनानी (स्टाफ) द्वारा किया गया। इस समारोह में क्षेत्रीय मुख्यालय, खोर्द्धा (ओडिशा) से सभी वर्जुअली जुड़े। श्री दत्ता ने कार्यालय के सभी पदाधिकारियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं और सरल व सहज हिंदी सरकारी कार्य में अपनाने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि हिंदी पखवाड़े का आयोजन कार्यालय में हिंदी को प्रोत्साहित करने के लिए किया जा रहा है। सहायक सेनापनी (राजभाषा) ने बताया कि हिंदी पखवाड़े के दौरान कुल 7 हिंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें 2 विशेष रूप से हिंदीत्तर भाषी कार्मिकों के लिए आयोजित की जा रही हैं। सभी से इन प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।
विदित है कि प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर ‘हिंदी दिवस’ के रूप में मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी जाने वाली हिंदी को राष्ट्र की राजभाषा के रूप में अंगीकार किया था। इस अवसर पर सभी से ज्यादा से ज्यादा हिंदी में काम करने की अपेक्षा की जाती है।
