फागू यादव
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने रविवार को कोंडागांव शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। 1.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का उद्घाटन फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर सात आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए गैस कनेक्शन एवं चूल्हे भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा में स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं, और इसी क्रम में शहरवासियों को यह नवीन स्वास्थ्य केंद्र समर्पित किया गया है। उन्होंने जिले को एनीमिया मुक्त बनाने की दिशा में विद्यालय स्तर पर बालिकाओं की शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच पर विशेष बल दिया। साथ ही मलेरिया की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि शहर के मध्य स्थित यह नया भवन नगरवासियों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस नवीन केंद्र से जिला अस्पताल पर दबाव कम होगा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।
कार्यक्रम के अंत में सुश्री उसेंडी ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बंधा पारा, डीएनके-02, बाजारपारा, महात्मा गांधी वार्ड, उमरगांव ‘अ’, अमरावती एवं बीजापुर-01 के आंगनबाड़ी केंद्रों को गैस कनेक्शन और चूल्हे वितरित किए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव, सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अवनी कुमार बिस्वाल सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
