
@ यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कांकेर। कोरर के पास ट्रक व आटो की टक्कर से असमय काल कवलित स्कूली बच्चों के परिजनों से मिलने आज भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया ग्राम घोड़दा पहूंचे । लाटिया ने ग्राम घोड़दा में मृत स्कूली छात्र राकेश गावड़े के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बधांया व मृतक बच्चे की आत्मा की शांति की भगवान से प्रार्थना की । लाटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवार मृत बच्चों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करता है व दुःख की इस घड़ी में परिजनों के साथ है। उन्होने पुलिस प्रशासन से सड़क पर बेलगाम दौड़ रही गाड़ियों पर लगाम कसने की मांग की साथ ही शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्यवाही करते उनके लाइसेंस रदद करने की भी मांग रखी। तेज रफ्तार चलने वाले इन गाड़ियों के कारण आये दिन दुघटनायें हो रही है व लोग अपने परिजनों को सड़क हादसे में असमय खो रहे है। लाटिया ने कांकेर से भानुप्रतापपुर, अंतागढ़, पखांजूर सड़क के चौड़ीकरण की भी मांग प्रदेश सरकार से की है। क्षेत्र में मांइस खुलने के बाद बड़ी-बड़ी गाड़ियों का आना-जाना बढ़ गया है सड़के सकरी होने से आये दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है और लोग दुर्घटनाग्रस्त होकर असमय काल के गाल में समा रहे है ।
लाटिया ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर आरोप लगाते हुए कहा कि श्री बघेल अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने उत्तरप्रदेश के लखीमपुरी खीरी में मृतकों को 50 लाख से 1 करोड़ मुआवजा दे सकते है परंतु अपने छ.ग. राज्य के दुर्घटना में मृत लोगों के लिए कोई मुआवजा नही देते। लाटिया ने प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार को असंवेदनशील बताते हुए मृत बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लाटिया के साथ भाजपा किसान मोर्चा के भुपेश राजपूत भी थे ।
