सोलर तकनीशियन कोर्स में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए काउंसलिंग 27 अगस्त को*
कांकेर / कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार जिले के बेरोजगार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने एवं उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार से जोड़ने के लिए लाइवलीहुड कॉलेज कांकेर में 30 सीटों में सोलर पैनल इंस्टालेशन तकनीशियन (सूर्यमित्र) में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। केन्द्र सरकार के द्वारा ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत् 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली प्रदाय करने की योजना है, जिससे सोलर पैनल तकनीशियन कोर्स में रोजगार एवं स्व-रोजगार की संभावना बढ़ गई है।
लाइवलीहुड कॉलेज के परियोजना अधिकारी ने बताया कि रोजगार एवं स्व-रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ने के लिए यह प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिये 27 अगस्त को लाईवलीहुड कॉलेज गोविन्दपुर कांकेर में प्रातः 10 बजे से शाम 04 बजे तक कांउसलिंग का आयोजन किया गया है। जिले के ऐसे युवा जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है जो इस प्रशिक्षण से जुड़कर अपना भविष्य संवारना चाहते हैं। वे शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, 02 पासपोर्ट साईज फोटोग्रॉफ, निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ निर्धारित समय में कांउसलिंग में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
