बीजापुर मुठभेड़ में 8 लाख का इनामी माओवादी ढेर, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

चंद्रहास वैष्णव

बीजापुर। जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 8 लाख रुपए के इनामी माओवादी डिप्टी कमांडर सोढ़ी कन्ना मारा गया। घटनास्थल से उसका शव एक .303 रायफल, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सल साहित्य के साथ बरामद किया गया है।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि माओवादी गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा 202, कोबरा 210 और सीआरपीएफ यंग प्लाटून की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई से नेशनल पार्क क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

अभियान के दौरान तेलंगाना राज्य समिति, नेशनल पार्क एरिया कमेटी और PLGA बटालियन नंबर 01 के माओवादी कैडर की उपस्थिति की पुष्टि हुई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने रणनीतिक रूप से क्षेत्र की घेराबंदी कर कार्रवाई की, जिसमें रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही।

मुठभेड़ समाप्त होने के बाद क्षेत्र की तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को एक वर्दीधारी माओवादी का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सोढ़ी कन्ना के रूप में की गई। वह PLGA बटालियन नंबर 01 की कंपनी नंबर 02 का डिप्टी कमांडर था और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उस पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोढ़ी कन्ना टेकलगुड़ियम क्षेत्र की माओवादी गतिविधियों और धरमारम कैंप हमले जैसी कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। वह कुख्यात माओवादी माड़वी हिडमा का करीबी सहयोगी और बटालियन का प्रशिक्षित स्नाइपर था। उसके मारे जाने को माओवादी संगठन के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

मुठभेड़ स्थल से बरामद सामग्री में शामिल हैं:

एक .303 रायफल एवं 5 जिंदा कारतूस

एके-47 का मैग्जीन और 59 जिंदा कारतूस

माओवादी वर्दी (1 जोड़ी)

कोडेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, डेटोनेटर

नक्सली पिट्ठू बैग, साहित्य, रेडियो और दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं

माओवाद के विरुद्ध निर्णायक बढ़त:

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि वर्ष 2024 की सफल कार्रवाइयों को आगे बढ़ाते हुए 2025 में भी सुरक्षा बल प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के खिलाफ रणनीतिक और सघन अभियान लगातार चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 18 महीनों में अब तक कुल 415 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं, जो सुरक्षा बलों की साहसिक कार्रवाई और जनसमर्थन का प्रतीक है।

Express MPCG