कोंडागांव न्यूज___
फागू यादव, 
कोंडागांव, 31 मई 2025 — विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आज मर्दापाल क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू विरोधी विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के आदेशानुसार एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. सोनल ध्रुव तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भावना महलवार के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।
इस विशेष कार्रवाई का नेतृत्व सुखचैन धुर्वे औषधि निरीक्षक एवं प्रकाश श्रीवास्तव (Bloomberg परियोजना, बस्तर संभाग) ने किया। कोटपा अधिनियम 2003 के तहत मर्दापाल क्षेत्र में कुल 22 चालान बनाए गए एवं ₹2900 का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र के समस्त पान मसाला विक्रेताओं और होटल संचालकों को कोटपा अधिनियम की धारा 4 के अंतर्गत बोर्ड लगाने और नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करने की सख्त हिदायत दी गई।
इस मुहिम में स्वास्थ्य विभाग से डॉ. ज्योति दुग्गा (दंत चिकित्सक), डॉ. परमेश्वर पात्र (दंत चिकित्सक), वीरेंद्र केला (प्रभारी सोशल वर्कर, एनटीसीपी) तथा पुलिस प्रशासन से मेजर श्याम सिंह मरकाम का विशेष सहयोग रहा।
स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि वे अपने एवं समाज के स्वास्थ्य के लिए तंबाकू का सेवन न करें और इस जनजागरण अभियान में सहयोग करें।
