कोण्डागांव पुलिस की बड़ी सफलता, सोनी कंपनी की नकली टीवी बेचने वाले दो ठग गिरफ्तार, कार सहित ₹7.20 लाख की सामग्री जब्त

कोंडागांव न्यूज ___
फागू यादव,

कोंडागांव, 31 मई 2025: सिटी कोतवाली कोण्डागांव और साइबर सेल पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए नकली टेलीविजन बेचने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी उत्तरप्रदेश से आकर बस्तर अंचल के भोले-भाले लोगों को सस्ते में असली सोनी टेलीविजन का झांसा देकर नकली टीवी बेचते थे। बताया जा रहा है अब तक सैकड़ों लोगों को ये ठगी का शिकार बना चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सेंट्रो कार, 08 नकली टीवी, नकली सोनी स्टिकर, सॉफ्टवेयर युक्त पेनड्राइव समेत कुल 7 लाख 20 हजार रुपये की सामग्री बरामद की है।

सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस के अनुसार, कोतवाली पुलिस को शिकायत प्राप्त हुआ कि, दो व्यक्ति फेरी लगाते हुए आए और कम दाम में सोनी कंपनी का टीवी देने की बात की। भरोसा दिलाने पर उसने टीवी खरीद लिया, लेकिन जब उसे चलाया तो वह नकली निकला। इस शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद मुखबिर से सूचना पर दोनों आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस ने मो. सरफराज उम्र 37 वर्ष और शान मोहम्मद उर्फ सोनू उम्र 35 वर्ष निवासी मवाना, मेरठ (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 08 नग टेलीविजन कीमत ₹3,20,000, एक सेंट्रो कार कीमत 4 लाख रुपए, पेनड्राइव और नकली सोनी स्टिकर समेत कुल 7 लाख 20 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आज शुक्रवार शाम 6 बजे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Express MPCG