कोण्डागांव में कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ, विधायक लता उसेंडी ने कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी

कोण्डागांव न्यूज__
फागू यादव,


कोण्डागांव, 29 मई 2025 – जिले में कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों को उन्नत तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से आज से कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत एक विशेष कृषि रथ को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, एसडीएम अजय कुमार उरांव, एवं कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

विधायक लता उसेंडी ने बताया कि यह कृषि रथ 29 मई से 12 जून 2025 तक जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करेगा और किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण, जैविक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि के तौर-तरीकों से अवगत कराना है, जिससे वे अपनी पैदावार और आमदनी दोनों को बढ़ा सकें।

विधायक उसेंडी ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और योजनाओं के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि ऐसी पहलें निश्चित ही किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगी।

कृषि संकल्प अभियान को किसानों में जागरूकता लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Express MPCG