कोंडागांव न्यूज___
फागू यादव, 
कोण्डागांव (मर्दापाल), 28 मई 2025: दक्षिण वन मंडल कोण्डागांव के अंतर्गत वन परिक्षेत्र मर्दापाल के ग्राम ढोलमांदरी में सागौन प्लांटेशन के कीमती पेड़ सरकार की अनदेखी का शिकार हो रहे हैं। रोड किनारे खड़े ये पेड़ सालों से सूखे पड़े हैं, और अब दीमकों का निवाला बनते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन बेशकीमती लकड़ियों की समय रहते कटाई की जाती, तो शासन को लाखों रुपए का राजस्व प्राप्त हो सकता था। लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व इसी परिक्षेत्र में साल वृक्षों की कटाई की गई थी, जिससे अच्छी गुणवत्ता के बड़े-बड़े लट्ठे प्राप्त हुए थे। तब की गई कटाई से प्राप्त आय और संसाधन अब शासन की निष्क्रियता के चलते बर्बाद हो रहे हैं।
आश्चर्य की बात यह है कि शासन द्वारा मर्दापाल परिक्षेत्र में विभागीय कर्मचारियों के लिए पक्के भवन और रेस्ट हाउस का निर्माण किया गया है, लेकिन अधिकतर अधिकारी कोण्डागांव से प्रतिदिन अप-डाउन करना ही पसंद करते हैं। नतीजतन, ग्राउंड रियलिटी की अनदेखी हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों की मांग है कि शासन इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान दे और जल्द से जल्द सूखे पड़े पेड़ों की कटाई कराकर राजस्व की हानि और पर्यावरणीय नुकसान से बचाव करे।
