अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी जन्म महोत्सव पर जल संरक्षण हेतु श्रमदान

कोंडागांव न्यूज__
फागू यादव,

कोंडागांव, 28 मई 2025 — लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी की त्रिशताब्दी जन्म महोत्सव के उपलक्ष्य में जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने मसौरा डेम में श्रमदान किया।

इस विशेष कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी भी उपस्थित रहीं। उनके साथ जल संसाधन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी इस आयोजन में सक्रिय रूप से सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा देना था, बल्कि ग्रामीणों में जागरूकता फैलाकर सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करना रहा। मसौरा डेम क्षेत्र में की गई इस सामूहिक श्रमदान की पहल से स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण और रखरखाव को बल मिलेगा।

सुश्री लता उसेंडी ने इस अवसर पर कहा कि “लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जीवन समाज सेवा और जन कल्याण के लिए समर्पित था। उनके जन्म त्रिशताब्दी वर्ष में जल जैसे अमूल्य संसाधन के संरक्षण हेतु श्रमदान कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा रही है।”

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक प्रयास से डेम क्षेत्र की सफाई एवं संरक्षण कार्य में योगदान दिया।

Express MPCG