कोंडागांव ब्रेकिंग न्यूज__
फागू यादव, 
आज शनिवार दोपहर 12 बजे ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में कोंडागांव जिले की कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना ने अपने प्रथम दौरे में ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से मुलाकात कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने सबसे पहले बड़ेकनेरा में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल भवन में सीपेज की समस्या, इमरजेंसी लाइट की अनुपलब्धता एवं रुर्बन मिशन के तहत प्रदाय की गई एम्बुलेंस की वापसी की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने मुंडागुडा पारा, वार्ड क्रमांक 08 में रुर्बन मिशन से निर्मित लगभग 29 लाख रुपये लागत के डेम का निरीक्षण किया। डेम से सिंचाई कर रहे किसानों से चर्चा के दौरान उन्होंने उन्हें पारंपरिक फसलों के साथ-साथ फलदार पौधों की खेती करने का सुझाव भी दिया।
मुंडागुडा पारा के निवासियों ने मुख्य मार्ग तक 2 किलोमीटर पक्की सड़क की मांग रखी, जिसे सुनकर कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने चल रहे आवास सर्वे कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान सरपंच प्रकाश चुरगिया, उपसरपंच सोहनलाल कश्यप, सभापति गणेश मानिकपुरी, पंचायत प्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ, जनपद सीईओ, एसडीओ आरईएस, स्वास्थ्य विभाग अधिकारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक समेत अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
