शिक्षा विभाग के कर्मचारी व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जुआ खेलते पुलिस ने पकड़ा, 21 हजार से ज्यादा की रकम हुई बरामद

आर एस भटनागर

जगदलपुर। शहर में जुआरियों पर चल रही पुलिस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शिक्षा विभाग के कर्मचारियों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जुआ खेलते पकड़ा है। जुआरियों के कब्जे से 21610 रूपए नगद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही 5 आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 3 (2) के तहत अपराध भी दर्ज किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक शहर के हाता मैदान के पास कुछ जुआरियों द्वारा रूपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिली थी। इस पर पुलिस की एक टीम ने मौके पर छापा मार कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियेां के कब्जे से कुल 610 रूपए और फड़ से 21 हजार रूपए जब्त किए गए।

आरोपियों में गांधीनगर वार्ड निवासी अरूण कुमार चौबे 40 साल, आसना निवासी बुधेश्वर ठाकुर 40 साल, नयापारा निवासी धर्मेंद्र कुमार झाली 45 साल, सेवानिवृत्त शिक्षक आड़ावाल निवासी बालमुकुंद रथ 63 साल व सेवानिवृत्त शिक्षक संजय गांधी वार्ड निवासी हरीश कुमार पाठक 61 साल शामिल हैं।

इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश जांगड़े, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे, संजीव मिंज, आरक्षक युवराज सिंह ठाकुर, धनंजय बघेल व आशीष ठाकुर शामिल रहे।

Express MPCG