कलेक्टर दीपक सोनी ने गांधीवार्ड व सरगीपाल स्थित बालक बालिका बालगृह के बच्चो के साथ सपरिवार मनाया दीप उत्सव, बांटी मिठाइयां एवं पटाखे

फागु यादव

शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा जिले के महात्मा गांधी वार्ड स्थित बालक गृह एवं सरगीपाल पारा में स्थित बालिका गृह का सपरिवार भ्रमण किया गया। बच्चे अपने मध्य जिले के प्रमुख अधिकारी को पा कर बहुत प्रसन्न दिखे। कलेक्टर दीपक सोनी ने परिवार के साथ बच्चों को मिठाइयां बांटी साथ ही पटाखे देते हुए केंद्र के अधीक्षकों को पटाखे जलाते वक्त बच्चों के साथ रहने और सावधानी पूर्वक पटाखे जलाने की सलाह दी। इस अवसर पर सूरज विकास संस्थान के कर्मचारियों से कलेक्टर ने मुलाकात कर सभी को अच्छे कार्य हेतु प्रोत्साहन किया। बच्चों ने उन्हें भजन सुनाया और सभी ने विश्व मंगलकामना से भगवान की आराधना की। बच्चों से कलेक्टर ने उनके भविष्य को लेकर प्रश्न किये जिसमें किसी ने डॉक्टर, किसी ने पुलिस तो किसी ने आर्मी ऑफिसर बनने की इच्छा जताई। कलेक्टर द्वारा सभी को उनके भविष्य को लेकर प्रशासन की ओर से हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया।

Express MPCG