निजी त्रासदी पर मतदान के कर्तव्य को तवज्जो, जुड़वा बच्चे दुनिया छोड़ गए पर माता पिता ने नहीं छोड़ा मतदान

  • आर एस भटनागर

जगदलपुर। जिन उंगलियों से अपने नवजात बच्चे को सहलाया, फिर कुछ घंटों बाद उसे उन्हीं हाथों से दफनाया। विडंबना देखिये फिर अगले दिन उन्हीं उंगलियों से ईवीएम का बटन दबाया। फिर कुछ घंटों बाद अमिट स्याही लगी उन्हीं उंगलियों से दूसरे बच्चे को भी दफनाया। एक दंपत्ति पर आयी निजी त्रासदी के बीच भी उस दंपत्ति ने मतदान करना नहीं छोड़ा। तीन दिनों के भीतर जुड़वा बच्चों की मौत भी दंपत्ति को मतदान से नहीं डिगा सकी।

मतदान करने एक व्यक्ति ने अपनी बीमार पत्नी को घर पर और दुधमुँहे बच्चे को अस्पताल में किसी और के भरोसे छोड़ दिया। इस दंपत्ति के एक बच्चे की मौत मतदान से ठीक दो दिन पहले हुई थी। मतदान के बाद जब तक पिता बीमार बच्चे के पास जगदलपुर अस्पताल पहुंचता, दूसरे बच्चे की मौत की खबर रास्ते में ही मिल गयी।
दरअसल दंतेवाड़ा के रहने वाले भागवत सलामे की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर उसने अपनी पत्नी तुकेश्वरी को 3 नवंबर की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया, 4 नवंबर की तड़के उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। उसकी पत्नी सात महीने की गर्भवती थी, तुकेश्वरी को प्री मैच्योर बेबी हुए।

उसने दो बच्चों को एक साथ जन्म दिया। जन्म के कुछ ही घंटों बाद एक बच्चे की मौत हो गई। दूसरे बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर कर दिया। 5 नवंबर को भागवत सलामे अपने गंभीर बीमार बच्चे को लेकर जगदलपुर पहुँचा। एक बच्चे की मौत के बाद पत्नी की हालत में थोड़ी सुधार होता देख डॉक्टरों ने 6 नवंबर को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। सात नवंबर को मतदान किया जाना था, सो भागवत जगदलपुर अस्पताल से दंतेवाड़ा आ गया। उसने घर पहुँच अपनी बीमार पत्नी को साथ लिया और सीधे मतदान केंद्र जा पहुँचा । यहाँ पहुँच उसने मतदान किया और पत्नी को घर पर छोड़ अपने बीमार बच्चे के लिए जगदलपुर अस्पताल के लिये निकला, लेकिन भागवत के जगदलपुर पहुँचने से पहले ही दूसरे बच्चे की मौत हो गयी।

इस पूरे मामले पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना कंगाले से चर्चा की गयी तो उन्होने इस दंपत्ति के जज्बे को सलाम किया है। उन्होने माना कि ऐसी परिस्थिति में मतदान करने वाले मतदाता उन्होने पहली बार देखे हैं। सीईओ रीना कंगाले ने यह भी कहा कि आयोग ऐसे मतदाताओं के सम्मान के लिये क्या कर सकता है, उस पर जल्द ही विचार किया जायेगा।

Express MPCG