भरत भारद्वाज
फरसगांव – केशकाल विधायक संतराम नेताम ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्रवासियों को अनेकों विकासकार्यों की सौगात दी है। विधायक ने 10-10 लाख रुपए की लागत से केशकाल में साहू समाज हेतु भवन, बड़ेडोंगर में कलार समाज हेतु भवन एवं बड़ेडोंगर में ही सामुदायिक भवन निर्माण हेतु भूमिपूजन किया है। साथ ही बंगोली में हल्बा समाज के सामाजिक भवन का लोकार्पण भी किया है। इसके अलावा विधायक ने बंगोली के कोहकापाल में 10 लाख रुपए की लागत से देवगुड़ी का निर्माण करवाने की घोषणा भी की है।
*बंगोली में ग्रामीणों ने किया कांग्रेस प्रवेश-*
आपको बता दें कि कुछ ही महीने में अब विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं। ऐसे चुनाव से ठीक पहले आम जनता का कांग्रेस में प्रवेश करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को आयोजित संकल्प शिविर में कांग्रेस की विचारधारा व विधायक संतराम नेताम की कार्यशैली से प्रभावित होकर 811 लोगों ने कंग्रेस में प्रवेश किया था। वहीं रविवार को केशकाल विधायक निवास एवं फरसगांव विकासखंड अन्तर्गत ग्राम बंगोली में आयोजित कार्यक्रम में पुनः सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली है। विधायक संतराम ने सभी कार्यकर्ताओं का तिलक लगाकर पार्टी में स्वागत किया।
*5 वर्षों में हुए विकास की बदौलत मिला जनता का विश्वास- संतराम*
इस सम्बंध में विधायक संतराम नेताम का कहना है कि छत्तीसगढ़ में पिछले 5 वर्षों में जिस तेजी से विकास हुआ है, यह प्रदेश की जनता बखूबी जानती है। हमारी सरकार का मुख्य शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, पुल समेत अन्य सुविधाओं को गांव तक पहुंचाना था। जिसमें हम सफल हुए हैं, सरकार पर जनता का विश्वास बढा है। आज शहरों के साथ साथ गांव का भी विकास हो रहा है। हर गांव में सड़क, पुल, बिजली, राशन, अस्पताल, स्कूल जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं। कांग्रेस की रीति नीति से प्रभावित होकर आम जनता कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रही है। निश्चित रूप से आगामी विधानसभा चुनावों में हमें इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिलेंगे। सम्पूर्ण कार्यकमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजिक पदाधिकारी, कांग्रेसी पदाधिकारी- कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीणजन मौजूद रहे।
