आइटीबीपी कोंडागांव में हिंदी पखवाड़े का हुआ समापन, शासकीय कार्य में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 सितंबर “विश्व हिंदी दिवस” के अवसर पर हिंदी पखवाड़े का किया गया था शुभारंभ

फागु यादव

भारत-तिब्‍बत सीमा पुलिस (ITBP) के सामरिक क्षेत्रीय मुख्‍यालय (भुवनेश्‍वर), कोंडागांव (छत्‍तीसगढ) में आज ‘हिंदी पखवाड़े’ का समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राकेश कुमार, सेनानी (स्‍टाफ) द्वारा हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित करवाई गई प्रतियोगिताओं में क्रमश: ‘प्रथम’, द्वितीय’ व ‘तृतीय’ स्‍थान प्राप्‍त करने वाले पदाधिकारियों को नगद पुरस्‍कार व प्रमाण पत्र भेंट किए गए। निरीक्षक (आशुलिपिक) दीपक कुमार और सिपाही पंकज कुमार ने श्रेष्‍ठ प्रदर्शन करते हुए क्रमश: ‘हिंदी श्रुतलेख’ और ‘हिंदी प्रश्‍नोत्‍तरी प्रतियोगिता’ में ‘प्रथम’ स्‍थान हासिल किया। इस समारोह में कोंडागांव के अलावा क्षेत्रीय मुख्‍यालय (भुवनेश्‍वर), खोर्द्धा (ओडिशा) से भी ऑनलाइन माध्‍यम से पदाधिकारी उपस्थित रहे। राकेश कुमार ने सभी पुरस्‍कार विजेताओं को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की और रोजमर्रा के कामकाज व बोलचाल में हिंदी के ज्‍यादा से ज्‍यादा प्रयोग पर बल दिया।
14 सितंबर, 2023 को ‘हिंदी दिवस’ के अवसर पर राणा युद्धवीर सिंह, डी.आई.जी. द्वारा हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ किया गया और इस पखवाड़े के दौरान 7 हिंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें कार्मिकों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इन सभी प्रतियोगिताओं का उद्देश्‍य सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय मुख्‍यालय, आईटीबीपी के अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी व जवान भी मौजूद रहे।

Express MPCG