भाजपा के परिवर्तन यात्रा के दुसरे दिन आज स्थानीय विश्रामगृह में भाजपा के प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने प्रेस वार्ता ली ।

 

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर पत्रकारों को संबोधित करते उन्होंने कहा कि कांकेर थाना क्षेत्र के अंदर खुलेआम सट्टेबाजी, नशे के कारोबार सरकार के संरक्षण में हो रहा है । चौक चौराहे सट्टेबाजी के अड्डे बन गए है किंतु पुलिस कार्यवाही शून्य है । सरँगपाल मॉडल गोठान का क्या हाल है किसी से छुपा नही है । गोठान कांग्रेस नेताओं के लिये एटीएम बन गया है । जिला व मेडिकल कालेज अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है । मरीजो को न पानी की सुविधा है न हवा और न अच्छे से इलाज मिल पा रहा है ।
श्री कश्यप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की सड़को की हालत बदतर है। घटिया व खस्ताहाल सड़को के कारण रोज दुर्घटनाये हो रही है । कांकेर शहर में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर मनमानी हो रही है । रसूखदार और गरीब देखकर सड़क चौड़ीकरण हो रहा है । सड़क बिना मापदंड के बन रही है । कही 9 मीटर तो कही 11 मीटर बन रही है । नालियां दुकान तक बना दी गई है ऐसे में व्यापारी व्यापार कैसे करेंगे? चनार से नरहरपुर तक सड़क चौड़ीकरण की मांग कई बार किये जाने के बाद भी सड़क चौड़ीकरण नही हो पाया है। कांकेर शहर के पुराने बस स्टैंड में एक सुलभ शौचालय तक नही है । दुकान में काम करने वाली और बाहर से आने वाली महिलाओं, लड़कियों को शौचालय जाने के लिये कितनी तकलीफ होती है इसका अहसास कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों को नही है। बस स्टैंड में नगर पालिका से जुड़े जनप्रतिनिधि और कर्मचारी रोज सुबह चाय पीने जाते है पर उनको भी ये समस्या नही दिखती। नरहरपुर से सुरही के बीच संकरे पुल को चौड़ा करने की मांग भी पूरी नही हुई है । जर्जर पुल कभी भी गिर सकता है जिससे नरहरपुर की जनता का धमतरी से सीधे आवागमन ठप्प हो सकता है । कांकेर के दूरस्थ क्षेत्रो में स्वास्थ्य सुविधा की हालत खस्ताहाल है । दूरस्थ क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की कमी है । क्षेत्र से पर्यटन मण्डल का सदस्य होने के बाद भी कांकेर के पर्यटन स्थलों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है । नँदनमारा में बनने वाला डायवर्शन भ्रष्टाचार करने का अड्डा बन गया है । इतना घटिया बन रहा है कि थोड़े से बारिश में ही बह जा रहा है इसकी परवाह सरकार को नही है । माकड़ी से नारा के बीच बना सड़क कुछ माह भी नही चला। कांग्रेस राज में बनने वाली सड़के भ्रष्टाचार की सड़कें बन गई है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन का कांग्रेस नेताओं ने अपने स्वार्थ के लिये पलीता लगा दिया है । कांग्रेस के भ्रष्ट आंचरण के चलते कांकेर विधानसभा विकास कोसो दूर हो गई है।
इस प्रेस वार्ता में सांसद मोहन मण्डावी, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, भाजपा प्रदेश मंत्री महेश जैन, भाजपा बस्तर संभाग संगठन सह प्रभारी निरंजन सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हलधर साहू आदि उपस्थित रहे।

 

Express MPCG