शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिकागांव हुआ एनीमिया मुक्त घोषित, उत्कृष्ट कार्य के लिए सीएचओ सुखमति नेताम एवं शिक्षक सुखलाल मरकाम को कलेक्टर ने किया सम्मानित

फागु यादव

कोण्डागांव जिले को एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ के संयुक्त कार्यक्रम के तहत एनीमिया मुक्त कोण्डागांव अभियान प्रारंभ किया गया था। जिसके तहत बुधवार को कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिकागांव को एनीमिया मुक्त घोषित किया। इस अवसर पर उन्होंने सिकागांव में बच्चों को एनीमिया से मुक्त करने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली बनियागांव की सीएचओ सुखमति नेताम एवं शिक्षक सुखलाल मरकाम को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर सुखमति ने बताया कि सिकागांव हायर सेकेंडरी स्कूल में बेसलाइन टेस्टिंग के दौरान 73 बच्चों के रक्त की जांच की गई थी। जिसमें से 63 बच्चों को एनीमिया से पीड़ित पाया गया था। जिसमें से 17 निम्न एनिमिक, 45 मध्यम एनिमिक एवं एक बालिका गंभीर रूप से एनीमिया से पीड़ित थी। जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए स्कूल में एनीमिया मुक्ति हेतु अभियान अंतर्गत उपचार के साथ नोडल शिक्षक के रूप में सुखराम मरकाम की नियुक्ति की गई। नियमित रूप से बच्चों की देखभाल एवं उन्हें आयरन सुक्रोज, आयरन फोलिक एसिड की गोलियां खिलाने एवं सुपोषण घंटी तथा सुपोषण कक्षाओं जैसे कार्यों के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया गया एवं उनमें सुपोषण हेतु पोषण आहारों के बारे में जानकारी दी गई। जिसे बच्चों ने माना और उनके स्वास्थ्य में सुधार देखा गया जल्द ही सभी के रक्त में हीमोग्लोबिन की मात्रा 11 ग्राम से अधिक हो गई अब सभी बालिकाएं सामान्य हैं।

Express MPCG