शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर:-जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2023 का आज नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्रीमती सरोज ठाकुर के मुख्य आतिथ्य तथा छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य नितिन पोटाई, नगरपालिका परिषद कांकेर के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र ठाकुर एवं चमन साहू के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ किया गया। जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर के खेल मैदान में आयोजित किया जा रहा है तथा प्रतियोगिता का समापन 06 सितम्बर को होगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती सरोज ठाकुर ने जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि पिछले वर्ष कांकेर जिले के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना जौहर दिखाया था तथा पुरस्कार जीते थे, उम्मीद है इस वर्ष भी खेल का उत्कृष्ट प्रदर्षन करते हुए कांकेर जिले का नाम रोषन करेंगे। श्रीमती सरोज ठाकुर ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेष बघेल को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्षन करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता छः स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है, प्रथम राजीव युवा मितान क्लब स्तर, दूसरा जोन स्तर तथा उसके बाद विकासखण्ड/ क्लस्टर स्तर के बाद जिला स्तर, तत्पश्चात संभाग स्तर एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी संभाग स्तर पर तथा संभाग स्तर के विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में गिल्ली-डण्डा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बॉटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भौंरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सी कूद एवं कुष्ती इत्यादि खेलों को शामिल किया गया है।

Express MPCG