जीवनदीप समिति की बैठक में लिये गये महत्वपूर्ण निर्णय। विधायक जायसवाल की मौजूदगी में बैठक सम्पन्न। एमसीबी। मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल सोमवार को जनपद सभागार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ के जीवनदीप समिति की साधारण सभा की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

दीपक विश्वकर्मा

बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के संबंध में विशेष चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये साथ ही अन्य विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।
विधायक डॉ विनय जायसवाल ने क्षेत्र की जनता की तरफ से डॉक्टर सुरेश तिवारी से उनके साथ हुई घटना पर खेद जताते हुए माफी मांगी और सभी को क्षमा करने का आग्रह किया साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने भी भरी सभा में माफी मांगी और उन्होंने जनता से अपील कर कहा ऐसी गलती दोबारा नहीं होनी चाहिये।
जीवनदीप समिति की बैठक में मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ के मुखिया भूपेश बघेल के द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप मनेंद्रगढ़ में बनने वाले मेडिकल कॉलेज के लिये 50 करोड़ रुपयों की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है जिसका अतिशीघ्र ही भूमि पूजन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों होगा। विधायक डॉ विनय जायसवाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की प्रशासकीय स्वीकृति मिल जाने से आने वाले समय में चिकित्सा सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होगी। विधानसभा क्षेत्र को मिली इस सौगात के लिये उन्होंने क्षेत्रवासियों की तरफ से प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत, सांसद ज्योत्सना महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का आभार जताया और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।
बैठक में मुख्य रूप से जनपद अध्यक्ष डॉक्टर विनय शंकर सिंह, नपा अध्यक्ष प्रभा पटेल, नगर पंचायत झगराखांड अध्यक्ष जनीश पांडे, नपा उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अभिलाषा पैकरा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस एस सिंह, जीवनदीप समिति के सदस्य और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Express MPCG