फागू यादव
जगदलपुर के शौर्य भवन में आयोजित एक सम्मान समारोह “पंख खेल उपलब्धि पुरस्कार 2023” के दौरान राज्य के माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कोंडागांव जिले की बेटी नेहा मरकाम को तीरंदाजी में उनकी बेमिसाल उपलब्धियों के लिए 51 हजार रुपए का चेक और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया है। नेहा की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है और कोंडागांव जिले के क्षेत्रवासी स्वयं को गवांवित महसूस कर रहे हैं। आपको बता दें आइटीबीपी द्वारा साल 2016 से लगातार कोंडागांव जिले के बच्चों को तीरंदाजी, जुड़ो व हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। और जिले की नई प्रतिभाओं को आगे लाने का काम बखूबी कर रही है। वही आइटीबीपी द्वारा प्रशिक्षित जिले की कई बच्चों ने राज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेकर अपने प्रदर्शन से जिला राज्य व देश का नाम ऊंचा किया है। नेहा मरकाम ने वर्ष 2016 से लगातार आइटीबीपी द्वारा तीरंदाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता में 1 कांस्य पदक, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 4 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य पदक जीते हैं।
