दीपक विश्वकर्मा

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को मध्य प्रदेश के शहडोल स्थित लालपुर आ रहे हैं। पिछले चार दिनों में उनका प्रदेश में यह दूसरा दौरा है। मोदी यहां से राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, एक करोड़ पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण अभियान का शुभारंभ और सिकल सेल जेनेटिक स्टेट्स कार्ड वितरित करेंगे।
पीएम साथ ही सभा को संबोधित करेंगे। ग्राम पकरिया में जनजातीय समुदाय, स्वयं सहायता समूहों के अग्रणी व्यक्तियों, पेसा कानून समितियों के नेताओं और ग्राम फुटबाल क्लब के कप्तानों से चर्चा करेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री 27 जून को भोपाल के बाद शहडोल जाने वाले थे, पर मौसम खराब के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था।
*चार आयुष्मान हितग्राहियों को पीवीसी कार्ड सौंपेंगे प्रधानमंत्री*
प्रधानमंत्री प्रतीक स्वरूप चार हितग्राहियों को पीवीसी आयुष्मान कार्ड सौंपेंगे। अभी साधारण कागज का कार्ड दिया जाता है। इसके लिए हितग्राहियों से शुल्क नहीं देना होगा। प्रदेश में चार करोड़ 70 लाख आयुष्मान हितग्राही हैं। इनमें तीन करोड़ 60 लाख के कार्ड बनाए जा चुके हैं। अभी एक करोड़ पीवीसी कार्ड बनाए गए हैं। कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन प्रदेशभर के निकायों, ग्राम पंचायतों और विकासखंडों में किया जा रहा है।
*रानी दुर्गावती का करेंगे स्मरण*
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रानी दुर्गावती का स्मरण करेंगे, जो 16वीं सदी के मध्य में गोंडवाना की शासक थीं। उन्हें एक वीर, निर्भीक और साहसी योद्धा के रूप में स्मरण किया जाता है, जिन्होंने मुगलों के विरुद्ध स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी थी। राज्य सरकार ने पांच स्थानों से 22 जून से रानी दुर्गावती गौरव यात्राओं का आयोजन किया था, जो 25 जून को लालपुर पहुंची हैं। प्रधानमंत्री को पहले इनके समापन कार्यक्रम में शामिल होना था।
