योगेंद्र बैस

कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में नए शिक्षा सत्र के पहले ही दिन हैरान करने वाला मामला सामने आया है, दमकसा गांव में शाला समिति के अध्यक्ष ने शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक शाला में ताला जड़ दिया है। शाला समिति के अध्यक्ष संतोष दुग्गा स्कूल भवन का नाम अपने पिता के नाम करने की मांग कर रहा है। स्कूल भवन में ताला जड़ने के कारण स्कूल के पहले ही दिन छात्रों को वापस लौटना पड़ा है तो वही शिक्षक स्कूल के प्रांगण में बैठे हुए है।
बताया जा रहा है कि शाला समिति के अध्यक्ष संतोष दुग्गा के पिता अविनाश दुग्गा ने स्कूल भवन के लिए जमीन दान की थी, जिसको लेकर अब संतोष दुग्गा स्कूल भवन का नाम उनके पिता अविनाश दुग्गा के नाम करने की मांग कर रहा है। संतोष दुग्गा का कहना है कि उसने सीएम भूपेश बघेल को भी भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान आवेदन देकर मांग रखी थी इसके अलावा जिला प्रशासन को भी उसने कई दफा आवेदन दिया है लेकिन मांग पूरी नही हुई। जिसको लेकर अब उन्होंने अल्टीमेटम दिया है और स्कूल भवन में ताला लगा दिया है, संतोष दुग्गा का कहना है कि जब तक मांग नही मानी जाएगी वो स्कूल संचालित नही होने देंगे। मामले की सूचना भानुप्रतापपुर में प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नही पहुचा है, स्कूल के प्राचार्य गणेश राम मंडावी ने बताया कि मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। स्कूल का स्टाफ मौजूद है, आगे जैसा निर्देश मिलेगा उसके आधार पर व्यवस्था की जाएगी।
