
यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कांकेर —- जनसेवी संस्था “जन सहयोग” द्वारा आज कांकेर शहर के मध्य स्थित दूध नदी के स्टॉप डेम के नीचे स्तंभों के बीच फंसे कचरे तथा मलबे को निकाल बाहर करने हेतु स्वच्छता अभियान सुबह सवेरे से चलाया गया, जिसमें कड़ी धूप में पसीना बहाते हुए जन सहयोग के समाजसेवियों ने बहुत बड़ी मात्रा में स्टॉप डेम से लेकर रमा लॉज के निकट तक कचरा एवं मलवा
निकालकर लगभग 100 वर्ग मीटर के क्षेत्र को साफ सुथरा कर दिया गया। ज्ञातव्य है कि दूध नदी में जब बाढ़ आती है, तब स्टॉप डैम के पिल्लर्स में पेड़ पौधे और कचरा आकर फँस जाता है, जिसके कारण बाढ़ के पानी को सीधा रास्ता नहीं मिलने पर वह शहर के नेशनल हाईवे, पुराना बस स्टैंड तथा उस इलाके के मकानों और दुकानों में प्रवेश कर जाता है, जिससे लाखों-करोड़ों का आर्थिक नुकसान हर वर्ष झेलना पड़ता है। इसी कारण मानसून नज़दीक देखकर जन सहयोग संस्था ने यह तय किया कि सबसे पहले स्टॉप डेम के नीचे और आसपास सफाई पर अधिक ध्यान दिया जाए। आज के सफाई अभियान को देखने बहुत से कांकेर वासी नदी के किनारे इकट्ठे हो गए थे, जिन्होंने जन सहयोग संस्था एवं उनके सदस्यों की मेहनत और लगन की बहुत तारीफ़ की। आज के अभियान में जन सहयोग के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा बल्लू राम यादव, प्रवीण गुप्ता, शैलेंद्र देहारी, दिनेश मोटवानी, संत कुमार रजक, करण नेताम ,राजेश चौहान तथा अभय सोनी आदि नौजवान साथियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया, जिनकी सर्वत्र सराहना की जा रही है।
