यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर । जानी मानी सामाजिक सेवा संस्था “जन सहयोग” द्वारा कुछ दिनों तक बिगड़े मौसम के व्यवधान के पश्चात रविवार से पुनः दूध नदी स्वच्छता अभियान ज़ोरों से प्रारंभ कर दिया गया है। आज इस सफ़ाई अभियान के तहत दूध नदी पुल से संलग्न 100 मीटर के दायरे में संस्था के उत्साही सदस्यों द्वारा जमकर साफ़ सफ़ाई की गई, जिसमें कई ट्रैक्टर ट्रालियों के बराबर कचरा एकत्र हुआ, जिसका मौक़े पर ही निष्पादन कर दिया गया। आज के दूध नदी स्वच्छता अभियान में उत्साह पूर्वक भाग लेने वाले जन सहयोग संस्था के सदस्यों के नाम इस प्रकार हैं ,अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी, बल्लू राम यादव, संत कुमार रजक, प्रवीण गुप्ता, राजेश चौहान, करण नेताम, दिनेश मोटवानी ,शैलेंद्र देहारी ,भूपेंद्र यादव, सुनील कृष्णानी आदि के नाम उल्लेखनीय हैं । इस अवसर पर वक्तव्य देते हुए जन सहयोग अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने हमेशा की तरह आम जनता से अपील की है कि दूध नदी को मृत होने से बचाने के लिए सबका सहयोग आवश्यक है। हम दूध नदी के आसपास रहने वालों तथा दुकानदारों से उम्मीद करते हैं कि कम से कम वहां तो कचरा ना डालें ,जहां जहां हम लोग सफ़ाई करते जा रहे हैं ,अन्यथा इस स्वच्छता अभियान का कोई अर्थ नहीं रह जाएगा। अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से भी अपील की है कि आपके पास सारे पावर्स हैं, आप दूध नदी में कचरा फेंकने वाले लोगों पर कार्यवाही करने की कृपा कीजिए और इस जीवनदायिनी नदी की मृत्यु होने से बचाइए। समाजसेवी पूर्व शासकीय कर्मचारी बल्लू राम यादव जी ने भी अपने बयान में शहर की आम जनता से निवेदन किया है कि अपने घर और मोहल्ले में साफ़ सफ़ाई रखें ताकि कांकेर पहले की तरह सुंदर शहर बन सके। आज के इस कार्यक्रम को पुल से आते जाते लोगों ने रुक कर देखा और जन सहयोग के साथियों की ह्रदय से प्रशंसा की। अध्यक्ष तथा सदस्यों ने उत्साहवर्धन करने वालों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया।
