जिले के सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिला एनड्रायड मोबाइल सूचनाओं का आदान-प्रदान में होगी आसानी

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर– केंद्रों के सेवाओं में सुधार किए जाने हेतु राज्य शासन द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं, वेतन वृद्धि के बाद शासन द्वारा अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक और नई सौगात दी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिकीर्तन राठौर ने जानकारी दी है कि राज्य शासन द्वारा प्राप्त एनड्रायड सैमसंग मोबाइल को जिले के सभी विकासखंडों के 2141 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वितरण किया गया। आंगनबाड़ी केन्द्रों से संचालित योजनाओं की अपडेट जानकारी भेजने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्रो के हितग्राहियों को गर्म भोजन वितरण, सुपोषण चौपाल, गृहभेंट एवं गर्भवती माताओं की जानकारी ऑनलाइन किया जाएगा। इसी प्रकार राज्य शासन को भी आंगनबाड़ी केंद्र स्तर की जानकारी तत्काल उपलब्ध होगा। उल्लेखनीय है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ द्वारा सरकार से मोबाईल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब मोबाइल से आंगनबाड़ी केन्द्रों के कार्यालयीन कामकाज और सूचनाओं का आदान-प्रदान में आसानी होगी। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों से संचालित योजनाओं की जानकारी जिला मुख्यालय तक भेज सकेंगे। मोबाइल फोन मिलने से जिले के सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है।

Express MPCG