रिपुदमन सिंह बैस

नारायणपुर- आप जिलाध्यक्ष नरेंद्र नाग ने पिछले दिनों भाजयुमो द्वारा थाना प्रभारी नारायणपुर को जिले में अवैध रूप से संचालित ताश फील्ड को लेकर सौंपे गए ज्ञापन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजयुमो कांग्रेस की बी टीम बनकर काम कर रही है,क्योंकि जिले में पिछले साढे 4 वर्षों से अवैध रूप से सट्टा,ताश, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की दारू और आईपीएल में सट्टा खाईवाली का काम खुलेआम संचालित है। प्रदेश में युवाओं को बेरोजगारी से मुक्ति दिलाने का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार पिछले साढ़े 4 वर्षों में सिर्फ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को इस तरह के अवैध धंधे में लगाकर प्रदेश से बेरोजगारी को दूर करने का निरर्थक प्रयास कर रही है। नरेंद्र नाग ने आगे कहा कि काफी समय से शहर में यह उड़ती खबर आती रहती है कि जिले में अवैध रूप से ताश,सट्टा और दारू का काम करने वाले संचालकों द्वारा सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं को महीना देकर मैनेज करने का काम किया जा रहा है और 2 दिन पहले भाजयुमो जिलाध्यक्ष जैकी कश्यप ने जिले में अवैध रूप से संचालित सिर्फ ताश फील्ड को बंद करने का ज्ञापन सौंपकर इस उड़ती खबर की पुष्टि कर दी है। उड़ती खबर यह भी है कि भाजयुमो जिलाध्यक्ष को इस महीने ताश फील्ड के संचालकों द्वारा पैसा नहीं दिया गया,इस कारण उन्होंने ज्ञापन सौंपकर उन्हें एक तरह से सिर्फ धमकी देने का काम किया है। अगर भाजयुमो जिलाध्यक्ष को जिले के माताओं-बहनों के घर उजड़ने की चिंता होती तो वो सिर्फ ताश बंद करने के लिए ज्ञापन नही सौंपते बल्कि हर उस अवैध कारोबार का विरोध करते तो लोगों का घर बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। जब कांग्रेस जब सत्ता में होती है, तो भाजपा के नेता सिर्फ ज्ञापन सौंपने का काम करते हैं और जब भाजपा सत्ता में होती है, तब कांग्रेसी ज्ञापन सौंपने का काम करते हैं। और ज्ञापन सौंपने के बाद ऐसा क्या हो जाता है कि फिर वह दोनों एक-दूसरे के खिलाफ काफी समय तक कुछ नहीं बोलते और पूर्णतः चुप्पी साध लेते हैं। प्रदेश में नारायणपुर जिला वैसे भी सट्टाधानी के नाम से मशहूर है,जितनी आजादी के साथ यहां सट्टा और ताश का काम चलता है,वैसे प्रदेश के अन्य जिलों में संचालित नहीं होता। जिले की जनता सब जानती है और समझती है और यही जनता आने वाले चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को जरूर सबक सिखाएगी। अगर आम आदमी पार्टी प्रदेश में सत्ता में काबिज होती है,तो नारायणपुर जिले में इस तरह के अवैध कारोबार संचालित नहीं होंगे और लोगों का घर बर्बाद नहीं होगा,मैं जनता को ये भरोसा दिलाता हूं।
