ऑपरेशन ‘बॉज’ के तहत सक्ती पुलिस की कार्रवाई, तीन स्थायी वारंटी गिरफ्तार न्यायालय में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया

चंद्रहास वैष्णव

सक्ती, 23 अक्टूबर। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘बॉज’ के तहत सक्ती पुलिस ने तीन और स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल दाखिल करने का आदेश मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस ने 23 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में रामलाल राठौर (42 वर्ष), निवासी मेन रोड, नंदौर कला; राजेंद्र सिदार (28 वर्ष), निवासी बुधवारी बाजार, सक्ती और फिरोज कुमार सिदार (27 वर्ष), निवासी बैला चुआ, थाना सक्ती शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन ‘बॉज’ के तहत जिले में फरार स्थायी वारंटियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान का उद्देश्य न्यायालयीन आदेशों का पालन सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।