*स्वतंत्रता दिवस पर कोंडागांव में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोडागांव के तीन पूर्व सैनिक सम्मानित*

​यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

​विकास नगर स्टेडियम, कोंडागांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 गरिमामय एवं भव्य माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग रहे, जिन्होंने ध्वजारोहण कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया।
​समारोह के इस विशेष अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव की ओर से युवाओं को नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान करने वाले तीन समर्पित पूर्व सैनिक सिग्नलमेन रवि ठाकुर, हवलदार रतिराम शोरी और हवलदार श्रीकांत तिवारी को सांसद भोजराज नाग के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया l ​इन तीनों पूर्व सैनिकों द्वारा क्षेत्र के युवाओं को सेना एवं सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए दिए जा रहे नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के सराहनीय योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा और कोंडागांव जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने तीनों सम्मानित पूर्व सैनिकों को बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देशसेवा का जज्बा सेवानिवृत्ति के बाद भी कायम रखना और नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करना बेहद प्रेरणादायी है।
​समारोह में गरिमामय उपस्थिति के दौरान परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सदस्य राकेश धीवर, ढालेश साहू, चंद्रहास वर्मा, सेवारत सैनिक उमेंद्र मरकाम, भारत मरकाम, मातृशक्तियां सहित नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में सभी ने राष्ट्रनिर्माण और युवा सशक्तिकरण का संकल्प लिया।